
गांधी जयंती पर बापू को नमन, सातवें वेतनमान की मांग को लेकर पटना आंदोलन की बनी रणनीति
गया। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को बिहार राज्य विद्यालय अध्यापक संघ (BRVAS), गया जिला इकाई की ओर से गांधी मैदान स्थित गांधी मंडप में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को याद किया।
कार्यक्रम में बिहार राज्य विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रभारी पुरुषोत्तम शर्मा, जिला संयोजक मनीष कुमार, जिला सह संयोजक मिलन कुमार, जिला कार्यकारिणी सदस्य रीतिका रति, नमन कुमार, संगीता कुमारी, अंजू कुमारी और स्नेहा भारती सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक एकता के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
माल्यार्पण के बाद संघ की बैठक आयोजित की गई। इसमें शिक्षकों के लिए सातवें वेतनमान की मांग को लेकर 3 अक्टूबर को पटना के गर्दनीबाग में प्रस्तावित आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने आंदोलन को लेकर शिक्षकों की भागीदारी, संगठन की भूमिका और आगे की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान गया जिले में बिहार राज्य विद्यालय अध्यापक संघ को प्रखंड स्तर तक मजबूत करने को लेकर भी चर्चा हुई। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का विस्तार गांव और प्रखंड स्तर तक होने से शिक्षकों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जा सकेगा। इसके लिए विभिन्न प्रखंडों में संगठन की इकाइयों के गठन और अधिक से अधिक शिक्षकों को संघ से जोड़ने की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।
गांधी जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में एक ओर जहां बापू को श्रद्धांजलि दी गई, वहीं दूसरी ओर शिक्षकों के अधिकार और संगठन को मजबूत करने को लेकर आगे की रणनीति तय की गई।
#teacher
#गयाजी
#गया_हो
#samratchoudhary
#GayaPolice
#बिहार
#biharpolties