नगर बाजार में SBI के ATM में आधी रात लगी आग, मचा हड़कंप
धुएं का गुबार और आग की लपटें देखकर दहशत में आए स्थानीय लोग, दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के नगर बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम में देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एटीएम से धुएं का गुबार उठता देख स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय निवासी संजय की सूचना पर दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से एटीएम मशीन और परिसर को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Basti, Basti | Nov 8, 2026