
अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, 11 डंपर-ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त
भिण्ड। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भंडारण और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जांच करते हुए कुल 11 वाहनों को जब्त किया है।
कलेक्टर भिण्ड के निर्देशन और प्रभारी अधिकारी खनिज शाखा पंकज ध्वज मिश्रा के मार्गदर्शन में खनिज निरीक्षक गौरव साहू एवं अश्वनी कुमार मिश्रा की टीम द्वारा कार्रवाई की गई।
12 सितंबर को फूप टोल प्लाजा मार्ग पर जांच के दौरान अवैध एवं ओवरलोड परिवहन में संलिप्त 2 वाहन जब्त किए गए। इन्हें पुलिस थाना फूप की अभिरक्षा में रखा गया।
इसके बाद 13 सितंबर को आईटीआई रोड, भिण्ड सिटी में कार्रवाई करते हुए 6 वाहन जब्त किए गए, जिन्हें नवीन तहसील परिसर भिण्ड में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।
वहीं 14 सितंबर की रात और 15 सितंबर को खनिजों के अवैध एवं ओवरलोड परिवहन की जांच के दौरान टीम ने 3 और वाहनों को जब्त किया। इन वाहनों को पुलिस थाना देहात कोतवाली एवं कृषि उपज मंडी फूप में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।
खनिज विभाग के अनुसार, जब्त वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन, भंडारण एवं व्यापार) नियम, 2022 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। प्रकरणों को आगे कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
Gormi, Bhind | Sep 16, 2026