रैपिड किट से दूध की मौके पर जांच, 37 किलो मिठाई कराई नष्ट
भिण्ड। खाद्य पदार्थों में मिलावट और अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भिण्ड एवं मिहोना तहसील क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान दूध, डेयरी, होटल और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कु. रेखा सोनी ने मिहोना क्षेत्र के भोलेबाबा मिल्क चिलिंग सेंटर तथा रायपुरा निवासी विकास राजावत के वाहन में परिवहन किए जा रहे दूध की मौके पर रैपिड किट से जांच की। वहीं मछण्ड स्थित राजकुमार राठौर डेयरी से दूध के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जांच के लिए लिए गए।
इसी तरह खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती किरण सेंगर ने फूप क्षेत्र में केशव सिंह की डेयरी सहित विभिन्न दुग्ध वाहनों में परिवहन किए जा रहे दूध की रैपिड किट से प्राथमिक जांच की। जांच के दौरान संदेह पाए जाने पर दूध के नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए लिए गए।
फूप स्थित श्रीराम नाश्ता सेंटर के निरीक्षण के दौरान चलित प्रयोगशाला से खाद्य पदार्थों की जांच की गई। यहां 20 किलो पेठा, 5 किलो गुलाब जामुन और एक्सपायरी 8 कोल्ड ड्रिंक की बोतलें मौके पर ही नष्ट कराई गईं। वहीं हरिओम स्वीट्स से 12 किलो बर्फी नष्ट कराई गई। इस तरह कुल 37 किलो मिठाई मौके पर नष्ट कराई गई।
इसके अलावा पारस चिलिंग सेंटर और होटल दावत का भी निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों के स्टाफ को खाद्य सुरक्षा नियमों की जानकारी दी और आम नागरिकों को भी खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति जागरूक किया।
Gormi, Bhind | Sep 16, 2026