
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होंगे जनसंवाद शिविर
---
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय द्वारा जिले में जनसंवाद शिविरों का रोस्टर जारी किया गया है। अभियान का आयोजन 07 अगस्त 2026 से 08 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से शासन-प्रशासन आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करेगा।
जारी रोस्टर के अनुसार प्रथम जनसंवाद शिविर 7 अगस्त को जतारा विकासखंड के लिधौरा स्थित विवाह घर में आयोजित होगा, जिसमें नगर परिषद लिधौरा सहित आसपास के निर्धारित क्षेत्रों का भ्रमण किया जाएगा। इसके बाद 14 अगस्त को बल्देवगढ़ विकासखंड के करमासन हटा, 21 अगस्त को पलेरा विकासखंड के गोवा तथा 28 अगस्त को टीकमगढ़ विकासखंड के समर्रा में जनसंवाद शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन जनसंवाद शिविरों के दौरान संबंधित क्षेत्रों का भ्रमण कर विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी तथा आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आयोजित जनसंवाद शिविरों में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए सहभागिता करने की अपील की है।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh