
पीएम सूर्य घर एवं पीएम स्वनिधि योजनाओं की समीक्षा, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
हरदोई, 19 जून। स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर योजना एवं नेडा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परियोजना अधिकारी नेडा को निर्देशित किया कि पीएम सूर्य घर योजना में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ऋण संबंधी लंबित आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। बैठक में स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं की भी समीक्षा की गई तथा सोलर संयंत्र स्थापना के लिए प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि विभागीय लक्ष्य के अनुरूप प्रत्येक माह अधिक से अधिक सोलर प्लांट स्थापित कराए जाएं। सोलर उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी शिकायतों पर अधिशासी अभियंता विद्युत को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कर लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक के दूसरे चरण में जिलाधिकारी ने पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा की। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरित किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में नेडा एवं विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Jun 20, 2026