पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से ऋण उपलब्ध कराएं बैंक: जिलाधिकारी
हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में बुधवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंकिंग गतिविधियों, विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण तथा वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी बैंक शाखाओं को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुद्रा योजना तथा अन्य स्वरोजगारपरक योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बैंक और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में रोजगार सृजन एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दें।
समीक्षा के दौरान विभिन्न बैंकों के जमा-ऋण अनुपात, प्राथमिकता क्षेत्र में ऋण वितरण, कृषि ऋण, स्वयं सहायता समूहों के वित्तपोषण तथा वित्तीय समावेशन की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। लक्ष्य के अनुरूप कार्य न करने वाले बैंक अधिकारियों को जिलाधिकारी ने आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
अग्रणी जिला प्रबंधक अरविंद रंजन ने जनपद की बैंकिंग स्थिति और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति का प्रस्तुतीकरण करते हुए बताया कि बैंक सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों तथा डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
बैठक में जिलाधिकारी ने मछुआ समुदाय के पात्र लोगों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाए जाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर उन्होंने जिला ऋण योजना का विमोचन भी किया।
बैठक में जिला उद्योग अधिकारी हर्ष प्रताप सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक अरविंद रंजन, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी, विभिन्न बैंक शाखाओं के अधिकारी, जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Jun 25, 2026