
*भारतीय सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर 59,460 रुपये की ठगी मामले में थाना भूना पुलिस की कार्रवाई, आरोपी काबू*
*– सेना में भर्ती करवाने का झांसा देकर अलग-अलग क्यूआर कोड के माध्यम से मंगवाई थी रकम, पंजाब के मलेरकोटला निवासी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में*
भूना, 23 अक्टूबर। भारतीय सेना में नौकरी लगवाने का झांसा देकर हजारों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में थाना भूना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजम-ए-सिकंदर पुत्र मोहम्मद अख्तर निवासी मकान नंबर 132, मोहल्ला घुमारवाला, जमालपुरा, मलेरकोटला, पंजाब को काबू किया है।
थाना भूना प्रभारी उपनिरीक्षक कंवर सिंह ने बताया कि गांव बैजलपुर निवासी पवन कुमार ने शिकायत दी थी कि जनवरी 2026 में अंबाला रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात सिकंदर नामक व्यक्ति से हुई थी। आरोपी ने भारतीय सेना में अपनी जान-पहचान होने का दावा करते हुए शिकायतकर्ता के छोटे भाई को सेना में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इसके बदले आरोपी ने पांच लाख रुपये की मांग की तथा अधिकारियों से मिलने एवं अन्य खर्चों के नाम पर पहले पैसे मंगवाने शुरू कर दिए।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने 19 फरवरी से 4 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग क्यूआर कोड भेजकर कुल 59,460 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायतकर्ता के भाई का चयन नहीं होने पर आरोपी ने अगली सूची में नाम आने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में फोन कॉल और संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया।
इस संबंध में थाना भूना में अभियोग संख्या 139, दिनांक 08.06.2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया है। मामले में नियमानुसार आगामी जांच जारी है।