
14 वर्षीय किशोर रहस्यमय परिस्थितियों में लापता, परिजनों में मचा हड़कंप
.
#हरदोई: थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र के ऐलापुरवा मजरा पन्यौरा बल्लिया गांव से एक 14 वर्षीय किशोर के अचानक लापता हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी लालू का 14 वर्षीय पुत्र विशाल (पाल) बीते 19 जून को सुबह लगभग 11:30 बजे घर से बिना किसी को बताए निकल गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों ने आस-पास के गांवों, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन विशाल का कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद थक-हारकर परिजन थाना बेहटा गोकुल पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना देते हुए बच्चे की बरामदगी की गुहार लगाई। परिजनों के अनुसार, विशाल के इस तरह अचानक घर से चले जाने का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, जिससे परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और किशोर की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
#रिपोर्ट: RaviShukla | TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Jun 21, 2026