
सीएम राइज विद्यालय कुलैथ में हुआ शैक्षिक संवाद
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बच्चों में सीखने की प्रवृत्ति जागरूक करने की बारीकियां समझाईं गईं
ग्वालियर जिले के शासकीय स्कूलों में शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रणाली के संबंध में जानकारी देने के लिये शैक्षिक संवाद आयोजित किए जा रहे हैं। इस क्रम में शनिवार को सीएम राइज विद्यालय कुलैथ में शैक्षिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) श्री रविन्द्र सिंह तोमर ने जिले के शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रभावी शिक्षण व्यवस्था पर अपने विचार साझा किए।
शैक्षिक संवाद के दौरान डीपीसी श्री तोमर ने कहा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाने के लिए शिक्षकगण नवाचारपूर्ण एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाएं। उन्होंने नियमित उपस्थिति, सतत मूल्यांकन, कक्षा शिक्षण की गुणवत्ता तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दिया। साथ ही शिक्षकों से विद्यालयों में सकारात्मक, प्रेरणादायी एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
शैक्षिक संवाद के दौरान शिक्षकों के साथ शैक्षणिक गतिविधियों, सीखने के परिणामों में सुधार तथा विद्यालयों में प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने प्राप्त सुझावों के अनुरूप विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सीएम राइज विद्यालय कुलैथ के प्राचार्य श्री शलभ श्रीवास्तव तथा जिला शिक्षा केन्द्र, ग्वालियर से सहायक परियोजना समन्वयक श्री रविन्द्र सिंह कुशवाह उपस्थित रहे।
#gwalior
PRO Gwalior
CM Madhya Pradesh