
जानलेवा हमले के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार...
पुलिस चौकी चांदपुर की टीम ने एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने युवक के साथ डंडे, सरिया और हथौड़े से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था तथा जान से मारने की धमकी भी दी थी।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहित उर्फ माचे, अमन उर्फ छोटू, सुमित उर्फ पोली निवासी गांव इमामुद्दीनपुर तथा प्रिंस और सुमित उर्फ गुलीवर निवासी गांव चांदपुर, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव इमामुद्दीनपुर निवासी प्रवीन, जो दूध बेचने का काम करता है, ने पुलिस चौकी चांदपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि 19 जून 2026 को वह एक महिला के घर गेहूं के बकाया पैसे लेने गया था। इसी दौरान पांच युवक डंडे, सरिया और हथौड़ा लेकर घर में घुस आए। आरोप है कि प्रिंस ने घर का दरवाजा बंद कर दिया, जिसके बाद सभी ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोपितों ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी तथा मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पीड़ित पैसे लेने के लिए महिला के घर गया था। उस समय घर के बाहर मौजूद प्रिंस को संदेह था कि पीड़ित उसकी मौसी की बेटी से बातचीत करता है और उस पर गलत नजर रखता है। इसी शक के चलते उसने अपने साथियों को मौके पर बुलाया। जब पीड़ित घर के अंदर मौजूद था, तब सभी आरोपित घर में घुस गए, दरवाजा बंद कर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।