
दुल्हन की तरह सजा बेल्हा आज होगा भरत मिलाप
ऐतिहासिक भरत मिलाप के लिए बेल्हा शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। भरत चौक से लेकर जेल रोड, कचहरी रोड, भंगवा चुंगी रोड और चिलबिला रोड पर आकर्षक विद्युत लाइटें लगाई गई हैं। हर 10 कदम पर बड़े-बड़े साउंड बॉक्स लगाए गए हैं और आकर्षक सजावट की गई है। गुरुवार रात आठ बजे से विभिन्न दल गाजे-बाजे के साथ अपने निर्धारित स्थल से निकलेंगे।
बेल्हावासियों के लिए शहर का भरत मिलाप किसी त्योहार से कम नहीं माना जाता। दूर दूर से रिश्तेदार और परिचित इसे देखने के लिए शहर आते हैं। ऐसे में इसी तैयारियां भी पखवारे भर पहले से की जाती हैं। फिलहाल गुरुवार रात होने वाले भरत मिलाप के लिए समूचा शहर दुल्हन की तरह सजकर तैयार है। श्रीरामलीला समिति के संरक्षक रोशनलाल ने बताया कि भरत की मिलाप तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार रात आठ बजे से सभी दल अपने निर्धारित स्थल से निकलेंगे और पूरे शहर का भ्रमण करते हुए शुक्रवार भोर भरत चौक पर इकट्ठा होंगे। यही श्रीराम और भरत का मिलाप होगा। उन्होंने बताया कि श्रीराम दल गोपाल मंदिर से, भरत चौक चौक बजाजा रोड से, हनुमान दल ठठेरी बाजार से और लवकुश दल मकन्द्रूगंज से निकलेगा। दल निकालने की जिम्मेदारी अलग समितियों को दी गई है। श्रीराम दल श्रीराम लीला समिति के पदाधिकारियों के नेतृत्व में निकलेगा।