
मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय में हेल्पडेस्क स्थापित
नवीन एवं पात्र मतदाता तथा सूची में नाम जुड़वाने से छूटे नागरिक प्राप्त कर सकेंगे आवश्यक जानकारी एवं सहायता
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नीमच जिले के विधानसभा क्षेत्र 228-मनासा, 229-नीमच एवं 230-जावद में फोटो निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इस दौरान नवीन एवं पात्र मतदाताओं तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय, नीमच में हेल्पडेस्क स्थापित की गई है।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि,1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जाएगा। इसके तहत 12 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावली के प्रारूप का प्रकाशन तथा 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशों के अनुरूप स्थापित हेल्पडेस्क के माध्यम से नागरिकों को पुनरीक्षण प्रक्रिया से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने जिले के दिव्यांगजनों, प्रवासियों, वरिष्ठ नागरिकों, 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं तथा अन्य पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की जानकारी प्राप्त करें। जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, वे नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी एवं सहायता के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित हेल्पडेस्क का लाभ उठा सकते हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा संक्षिप्त पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Election Commission of India
Chief Electoral Officer Madhya Pradesh
#neemuch #नीमच