
दीन दयाल स्पर्श योजना के तहत विद्यार्थियों को मिलेगी 6 हजार रुपये की छात्रवृत्ति
कक्षा 6वीं से 9वीं तक के विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित, 22 सितम्बर अंतिम तिथि
प्रत्येक कक्षा से 10 विद्यार्थियों का होगा चयन, 27 सितम्बर को आयोजित होगी लिखित क्विज परीक्षा
भारतीय डाक विभाग द्वारा फिलैटली छात्रवृत्ति योजना “दीन दयाल स्पर्श योजना” वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कक्षा 6वीं से 9वीं तक के विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत कक्षा 6वीं, 7वीं, 8वीं एवं 9वीं में प्रत्येक कक्षा से 10-10 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को एक वर्ष के लिए 6 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
पात्रता की शर्तें
योजना के तहत आवेदक विद्यार्थी संबंधित विद्यालय में संचालित फिलैटली क्लब का सदस्य होना चाहिए। यदि विद्यालय में फिलैटली क्लब नहीं है, तो विद्यार्थी का किसी भी डाकघर में सक्रिय फिलैटली जमा खाता होना अनिवार्य है। फिलैटली जमा खाते के बिना प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। विद्यालय फिलैटली क्लब की सदस्यता के संबंध में मोबाइल नंबर 9993195760 पर संपर्क कर सकते हैं।
छात्रवृत्ति मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 9वीं तक अध्ययनरत नियमित विद्यार्थियों को वार्षिक आधार पर प्रदान की जाएगी। आवेदक विद्यार्थी का पिछली परीक्षा में प्राप्तांक 60 प्रतिशत अथवा समकक्ष ग्रेड से अधिक होना आवश्यक है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को निर्धारित अंकों में 5 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।
दो स्तरों में होगी चयन प्रक्रिया
विद्यार्थियों का चयन दो स्तरों में किया जाएगा। प्रथम स्तर की लिखित क्विज परीक्षा 27 सितम्बर 2026 को आयोजित की जाएगी। एक घंटे की इस परीक्षा में कुल 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें समसामयिकी, इतिहास, भूगोल, विज्ञान तथा खेल/संस्कृति से 5-5 प्रश्न तथा स्थानीय एवं राष्ट्रीय फिलैटली से संबंधित क्रमशः 10 एवं 15 प्रश्न शामिल होंगे। परीक्षा के स्थान एवं समय की जानकारी प्रवेश पत्र के माध्यम से दी जाएगी। लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा व्यय देय नहीं होगा।
प्रथम स्तर की लिखित क्विज परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को द्वितीय स्तर में फिलैटली प्रोजेक्ट प्रस्तुत करना होगा। प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 05 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई है। फिलैटली प्रोजेक्ट के विषय चयनित विद्यार्थियों को पृथक से सूचित किए जाएंगे।
आवेदन की अंतिम तिथि 22 सितम्बर
योजना में भाग लेने के लिए आवेदन पत्र नजदीकी डाकघर से प्राप्त किए जा सकते हैं। निर्धारित प्रारूप में पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र को 22 सितम्बर 2026 को अपराह्न 4 बजे तक अथवा उससे पहले अधीक्षक डाकघर, रतलाम के कार्यालय के पते पर रजिस्टर्ड पोस्ट अथवा स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा।
आवेदन पत्र के लिफाफे पर स्पष्ट रूप से “दीन दयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27” अंकित करना अनिवार्य है। निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी भारतीय डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट http://www.indiapost.gov.in अथवा कार्यालय अधीक्षक डाकघर, रतलाम से प्राप्त की जा सकती है।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner India Post #Jhabua #JansamparkMP