
अम्बामाता फायरिंग कांड का 36 घंटे में खुलासा, तीन बदमाश
गिरफ्तार, दो देशी कट्टे बरामद
नाथद्वारा में पुलिस की दबिश के दौरान भागते समय गड्ढे में गिरे तीनों आरोपी पैरों में हुए फ्रैक्चर,
प्रॉपर्टी विवाद में सुपारी देकर फायरिंग करवाने का खुलासा, प्रॉपर्टी डीलर की भूमिका की जांच जारी
उदयपुर। अम्बामाता थाना क्षेत्र में दो मकानों पर फायरिंग और एक व्यक्ति को घायल करने के मामले में उदयपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 36 घंटे में वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस ने नाथद्वारा के कोठारिया से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध देशी कट्टे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे आदिल कालिया अपने दो साथियों के साथ स्कूटी पर सवार होकर आया था। आरोपियों ने पहले 80 फीट रोड अम्बामाता निवासी ईरशाद खां उर्फ अली बाबा के घर पर फायरिंग की। इसके बाद सज्जन नगर निवासी अब्दुल शकूर शेख के घर के बाहर भी गोलियां चलाईं, जिसमें अब्दुल शकूर के हाथ और पैर में चोटें आईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर ए-कैटेगरी की नाकाबंदी कर विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। एएसपी उमेश ओझा और डीएसपी राजेश यादव के सुपरविजन में अम्बामाता थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह चारण, बड़गांव थानाधिकारी हितेश यादव तथा डीएसटी प्रभारी भरत योगी के नेतृत्व में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन नाथद्वारा के कोठारिया में ट्रेस की।
पुलिस टीम ने आरोपियों के ठिकाने पर दबिश दी तो तीनों जंगल की तरफ भागने लगे। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वे गहरे गड्ढे में गिर गए और उनके पैरों में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने तीनों को उपचार के लिए एमबी अस्पताल में भर्ती करवाया। कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आईं।
प्रॉपर्टी विवाद में सुपारी देकर करवाई फायरिंग
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने मकान पर कब्जा करने और पीड़ितों को डराने के उद्देश्य से दानिश उर्फ टिडा को अवैध हथियार और रुपयों का लालच देकर फायरिंग करवाई थी। पुलिस इस पूरे मामले में प्रॉपर्टी डीलर की भूमिका सहित अन्य पहलुओं पर अग्रिम अनुसंधान कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
आदिल खान उर्फ कालिया (21), निवासी सज्जन नगर, उदयपुर।
ईशान अली (20), निवासी सज्जन नगर, उदयपुर।
दानिश उर्फ टिडा (21), निवासी ओड बस्ती, मस्तान बाबा के पास, उदयपुर।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में हत्या, हत्या के प्रयास और अवैध हथियारों से संबंधित चार-चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने स्पष्ट संदेश दिया कि उदयपुर में गुंडागर्दी, अवैध हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों को संरक्षण देने और उनकी मदद करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।