
उत्तराखंड में फिर बिगड़े मौसम के तेवर, तीन जिलों में छुट्टी
#gkmnews
उत्तराखंड में मौसम के तेवर एक बार फिर बिगड़ गए हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान बिल्कुल सटीक साबित हुआ है। मैदान से पहाड़ तक बारिश का सिलसिला फिर शुरू हो गया है।
वहीं प्रदेशभर में लगातार हो रही बारिश के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून ने 28 जुलाई (मंगलवार) को मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए एहतियाती कदम उठाया गया है। 28.07.2026 (मंगलवार) को पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जनपद में कक्षा 01 से 12 तक के समस्त् शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालय तथा ऑगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, सड़कें बंद होने, जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी जैसी स्थितियां बन सकती हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी शिक्षा अधिकारियों और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साफ कहा गया है कि यदि कोई विद्यालय या संबंधित संस्था आदेश की अनदेखी करती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें।
#UttarakhandRainAlert #Bageshwar #chamoli #pithauragadh #SchoolHoliday