
हाथों में तिरंगा, दिल में राष्ट्रभक्ति, भव्य तिरंगा यात्रा का हुआ आयोजन…
‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत बुधवार को समाहरणालय परिसर से शहीद पार्क, बेतिया तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और उत्साह से भरी इस यात्रा में हजारों छात्र-छात्राओं, युवाओं, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आम नागरिकों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व पश्चिम चंपारण के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने किया। यात्रा में वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता रोचना माद्री, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार, जिला युवा अधिकारी शशांक मितल, डीपीएम जीविका आरके निखिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए। यात्रा में शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, भारत स्काउट एवं गाइड, स्वयंसेवी संगठनों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। पूरे मार्ग में तिरंगे लहराते नजर आए, जिससे शहर का माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना तथा युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने नागरिकों से 9 से 17 अगस्त तक अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी-सह-जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से तिरंगा यात्रा गरिमामय और सफल रही।
#champaran24news