
रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने धमतरी में सात दिवसीय ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत ताबड़तोड़ जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान हिंदूजा रेस्टोरेंट से 5 किलो रसगुल्ला और 6 किलो काजू कतली सहित कुल 11 किलो अमानक व संदिग्ध मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया गया। टीम ने जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों, डेयरियों और हॉस्टल कैंटीन से खोवा, बेसन व पके भोजन के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं, जबकि नियमों की अनदेखी करने वाली फर्मों के खिलाफ कोर्ट में प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को बारिश के मौसम में विशेष स्वच्छता बरतने, सुरक्षित भंडारण करने और खाद्य सामग्री तैयार करते समय ग्लव्स व कैप पहनने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि त्योहार पर मिठाई खरीदते समय केवल पंजीकृत व लाइसेंसी दुकानों का ही चयन करें। खुली व संदिग्ध मिठाइयों से बचें और पैकिंग पर निर्माण तिथि (Mfg Date) व उपयोग की अंतिम तिथि (Expiry Date) अवश्य जांचें।
#Dhamtari #FoodSafety #RakshaBandhan #FoodAdulteration #ChhattisgarhNews #PublicAwareness #SwasthBharat #DhamtariNews #FatafatNews