
सोशल मीडिया में खबर का असर: 12 टेबलों की दौड़ खत्म, निगम में आज से एक ही टेबल पर बनेगी NOC
पार्षद पद के दावेदारों को मिली बड़ी राहत, एक प्रमाण पत्र के लिए अलग-अलग शाखाओं के चक्कर लगाने की व्यवस्था बदली; निगम प्रशासन ने शुरू की सिंगल विंडो व्यवस्था
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)। नगर निगम चुनाव 2026 से पहले पार्षद पद के दावेदारों को NOC के लिए 12 अलग-अलग टेबलों के चक्कर लगाने की परेशानी से राहत मिल गई है। NOC प्रक्रिया को लेकर सोशल मीडिया पर उठी खबर के बाद निगम प्रशासन ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए आज से एक ही टेबल पर NOC कार्य शुरू कर दिया है।
अब NOC के लिए आवेदन करने वाले दावेदारों को भवन, लेखा, राजस्व, स्टोर, रोशनी, उद्यान, निर्माण, जनस्वास्थ्य सहित अलग-अलग अनुभागों में जाकर कर्मचारियों के हस्ताक्षर करवाने की जरूरत नहीं होगी। संबंधित शाखाओं से सत्यापन की प्रक्रिया निगम स्तर पर ही पूरी कराने की व्यवस्था की गई है।
खबर के बाद निगम प्रशासन ने बदली व्यवस्था
NOC के लिए 12 टेबलों पर भटक रहे पार्षद पद के दावेदारों की परेशानी को लेकर सोशल मीडिया में खबर प्रमुखता से सामने आई थी। खबर में सवाल उठाया गया था कि जब निगम का रिकॉर्ड कंप्यूटर सिस्टम में उपलब्ध है तो एक प्रमाण पत्र के लिए आवेदकों को शाखा-दर-शाखा क्यों दौड़ाया जा रहा है।
खबर सामने आने के बाद निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रक्रिया को सरल किया और एक ही टेबल से NOC आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी।
दावेदारों को बड़ी राहत, समय की भी होगी बचत
नई व्यवस्था से चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले जहां एक NOC के लिए कई अनुभागों के चक्कर लगाने पड़ते थे और संबंधित कर्मचारी के सीट पर नहीं मिलने पर पूरा दिन निकल जाता था, वहीं अब एक ही स्थान पर आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी।
दावेदारों ने निगम प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि चुनाव के समय दस्तावेजी प्रक्रिया को आसान बनाने की जरूरत थी। सिंगल टेबल व्यवस्था लागू होने से समय और श्रम दोनों की बचत होगी।
अब नजर समय पर NOC जारी होने पर
नई व्यवस्था शुरू होने के बाद अब दावेदारों की नजर इस बात पर है कि आवेदन लेने के बाद संबंधित शाखाओं से सत्यापन कितनी तेजी से कराया जाता है और NOC कितने समय में जारी होती है। यदि सत्यापन प्रक्रिया भी समयबद्ध तरीके से पूरी होती है तो यह व्यवस्था चुनावी प्रक्रिया में दावेदारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
सोशल मीडिया में उठी आवाज के बाद निगम में व्यवस्था बदली और 12 टेबलों की दौड़ खत्म हुई। अब एक ही टेबल से NOC प्रक्रिया शुरू होने से दावेदारों को राहत मिली है।