
मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक गिरफ्तार
प्रतापगढ़। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के विरुद्ध कथित अभद्र टिप्पणी और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के मामले में थाना उदयपुर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिलने पर मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान थाना उदयपुर क्षेत्र के ग्राम पूरे विजयी मजरे राजापुर निवासी अशोक मिश्रा उर्फ पूत्तन मिश्रा पुत्र देवनारायण मिश्रा के खिलाफ थाना उदयपुर में मुकदमा अपराध संख्या 122/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 एवं 351(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी अशोक मिश्रा उर्फ पूत्तन मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रतापगढ़ पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय संयम बरतना आवश्यक है। किसी भी संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के खिलाफ अभद्र या भड़काऊ टिप्पणी करना तथा लोक शांति भंग करने का प्रयास गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री से बचें तथा ऐसी सामग्री मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।