
*15वीं बटालियन मध्यप्रदेश पुलिस पब्लिक हायर सेकण्डरी स्कूल में पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत 25 शिक्षकों का चयन*
इंदौर, 23 जून 2026
इंदौर के महेश गार्ड लाइन स्थित 15वीं बटालियन मध्यप्रदेश पुलिस पब्लिक हायर सेकण्डरी स्कूल (सीबीएसई मान्यता प्राप्त) में शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए शिक्षकों एवं अन्य स्टॉफ के रिक्त पदों पर नियुक्ति हेतु आयोजित चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी विज्ञापन के पश्चात विभिन्न विषयों के शिक्षक एवं अन्य पदों के लिए 500 से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन प्रस्तुत किए।
विद्यालय प्रबंधन ने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं गुणवत्ता आधारित बनाते हुए योग्य उम्मीदवारों के साक्षात्कार आयोजित किए। वरिष्ठ अधिकारियों के साक्षात्कार पैनल द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, विषय ज्ञान, शिक्षण कौशल, व्यक्तित्व तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उनकी दृष्टि का गहन मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया के उपरांत कुल 25 कुशल एवं योग्य शिक्षकों का चयन किया गया है।
शिक्षकों की चयन प्रक्रिया संचालक मण्डल अध्यक्ष पुलिस महानिरीक्षक श्री चन्द्रशेखर सोलंकी एवं उपाध्यक्ष पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री अमित सिंह और सचिव सेनानी प्रथम वाहिनी श्री अभिषेक आनंद के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इन शिक्षकों की नियुक्ति से विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी तथा विद्यार्थियों को आधुनिक, नवाचार आधारित एवं परिणामोन्मुख शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया है कि नवचयनित शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और समर्पण से विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
---
#JansamparkMP #indore #इंदौर #Education #QualityEducation
CM Madhya Pradesh
Indore Police
Jansampark Madhya Pradesh