
पीबीएम अस्पताल पहुंचीं प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़,
अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
बीकानेर। बीकानेर में प्रसूताओं की मौत और तबीयत बिगड़ने के मामलों के बीच चिकित्सा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने मंगलवार को पीबीएम अस्पताल का निरीक्षण किया। इससे पहले उन्होंने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मामले की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान दवा वितरण केंद्र में धूल-मिट्टी और अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा अस्पताल में साफ-सफाई और बदबू की समस्या को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई। राठौड़ ने व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मामले की मेडिकल के साथ प्रशासनिक स्तर पर भी जांच की जा रही है। कोटा की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और प्रत्येक प्रसूता की तबीयत बिगड़ने के अलग-अलग कारण सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अस्पताल की उपचार व्यवस्था, दवाओं की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, जिला कलेक्टर निशांत जैन, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।