
शादी के 18 दिन बाद नवविवाहिता प्रेमी संग फरार
शादी के महज 18 दिन बाद पहली बार मायके जा रही नवविवाहिता ने रास्ते में पति को चौंका दिया। नवगछिया बाजार में पति जब रसगुल्ले खरीदने दुकान पर गया, उसी दौरान वह कथित प्रेमी के साथ वहां से निकल गई। पति की सूचना पर पुलिस ने देर रात दोनों को राघोपुर बहतरा से बरामद कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, पूर्णिया जिले के सुखसेना की रहने वाली तारावती कुमारी की शादी 7 अगस्त को नारायणपुर थाना क्षेत्र के चकरामी निवासी पिंटू कुमार से हुई थी। मंगलवार को वह पहली बार पति के साथ मायके के लिए रवाना हुई थी।
रास्ते में नवविवाहिता ने ससुराल के लोगों के लिए रसगुल्ले लेने की बात कही। इसके बाद दोनों नवगछिया बाजार के मिल टोला स्थित सोनी डेयरी पहुंचे। पति जब मिठाई खरीदने में लगा था, तभी वह कथित तौर पर पहले से संपर्क में रहे उत्कर्ष कुमार के साथ वहां से चली गई।
पत्नी के गायब होने पर पति ने काफी तलाश की और डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस की पड़ताल में कथित प्रेमी का संबंध बोरवा गांव से सामने आया। आगे की जानकारी मिलने पर नवविवाहिता के राघोपुर बहतरा में होने का पता चला।
इसके बाद ईआरवी-14 जहान्वी चौक की टीम राहुल राज और चालक चंद्रशेखर यादव के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने रात करीब दो बजे नवविवाहिता और उसके कथित प्रेमी को बरामद कर लिया।