पीएम स्वनिधि के तहत एक सितंबर में लगेंगे लोक कल्याण मेले, रेहड़ी-पटरी संचालकों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
कन्हैया चौक स्थित नगर निगम कार्यालय में 30 सितम्बर तक लगेगा लोक कल्याण मेला
यमुनानगर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी संचालकों एवं छोटे कारोबारियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक लोक कल्याण मेले का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन कन्हैया साहिब चौक स्थित नगर निगम कार्यालय में होगा। यह जानकारी मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने दी।
उन्होंने बताया कि लोक कल्याण मेले के माध्यम से पीएम स्वनिधि योजना के तहत नए आवेदनों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पहले से स्वीकृत ऋण आवेदनों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों तथा ‘बैंक द्वारा वापस किए गए’ आवेदनों को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा, जिन स्ट्रीट वेंडर्स ने अपना दूसरा ऋण चुका दिया है, उन्हें क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान निष्क्रिय लाभार्थियों को डिजिटल रूप से जोड़ने, स्ट्रीट वेंडर्स को प्रशिक्षण देने तथा छूटे हुए लाभार्थियों और उनके परिवारों का सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइल तैयार करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशिक्षण में खाद्य सुरक्षा से संबंधित जानकारी देने के लिए एफएसएसएआई के साथ समन्वय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक आसानी से पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने रेहड़ी-पटरी संचालकों से अपील की कि वे मेले में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लें और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।
------------
इन योजनाओं का मिलेगा लाभ -
मेयर ने बताया कि लोक कल्याण मेले में पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, पीएम श्रम योगी मानधन योजना, पीएम जनधन योजना, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार पंजीकरण, जननी सुरक्षा योजना तथा पीएम मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं से पात्र लोगों को जोड़ा जाएगा और पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
-----------
स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग कर रह निगम -
मेयर ने कहा कि नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य केवल ऋण सुविधा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्ट्रीट वेंडर्स को सामाजिक सुरक्षा, डिजिटल सशक्तीकरण और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी सहयोग देना है।
फोटो कैप्शन - जानकारी देती मेयर सुमन बहमनी
जानकारी देते नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद।
कन्हैया चौक स्थित
नगर निगम कार्यालय का दृश्य।