
न्यायोत्सव : विधिक सेवा सप्ताह–2026 का शुभारंभ, सांदीपनि विद्यालय #जावद में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, साइबर सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम एवं निःशुल्क विधिक सहायता की दी जानकारी
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 14 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे न्यायोत्सव : विधिक सेवा सप्ताह–2026 का शुभारंभ शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा सांदीपनि विद्यालय, जावद में आयोजित विशेष विधिक जागरूकता शिविर के साथ हुआ।
शिविर का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन तथा जिला न्यायाधीश एवं सचिव श्री विशाल अखंड के निर्देशन में किया गया।
शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों एवं उनके कानूनी संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, बाल शोषण की रोकथाम तथा साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से समझाया। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए।
उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनुचित घटना अथवा शोषण की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों को जानकारी दें तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से सहायता प्राप्त करें।
निःशुल्क विधिक सहायता एवं हेल्पलाइन की दी जानकारी
विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी दी गई। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, कानून का सम्मान करने तथा अन्याय एवं अपराध के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती भारती शर्मा, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता बढ़ाने, बाल अधिकारों एवं संरक्षण संबंधी कानूनों की समझ विकसित करने तथा सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
#neemuch #नीमच