सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने बस्सी गांव में प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा परियोजना स्थल का किया निरीक्षण
मछुआरा समुदाय की समस्याओं के निराकरण के लिए विभागीय बैठक आयोजित करने के दिए निर्देश
मंदसौर संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री सुधीर गुप्ता अपने अल्प प्रवास के दौरान रामपुरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय रेस्ट हाउस में नागरिकों से भेंट कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में सांसद श्री गुप्ता ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से रामपुरा नगर एवं आसपास के क्षेत्र के मछुआरा समुदाय की मछली पालन से जुड़ी समस्याओं, रोजगार के अवसरों तथा उनकी आर्थिक उन्नति के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने मछुआरा समुदाय की समस्याओं के समाधान एवं मछली पालन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए शीघ्र ही विभागीय बैठक आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की। साथ ही, नागरिकों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सांसद श्री गुप्ता ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए संचालित की जा रही हैं। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ मिले तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण हो।
इसके पश्चात सांसद श्री गुप्ता ने ग्राम बस्सी स्थित प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनटीपीसी लिमिटेड के अधिकारियों के साथ परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने परियोजना की वर्तमान स्थिति, क्षेत्रीय विकास की संभावनाओं तथा स्थानीय नागरिकों से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त की।
सांसद श्री गुप्ता ने परियोजना स्थल के आसपास के क्षेत्रवासियों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं अपेक्षाएं जानीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना से संबंधित सभी कार्यों एवं गतिविधियों में स्थानीय क्षेत्र के हितों और जनभावनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, स्थानीय नागरिकों के सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों सहित डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धार्वे एवं रामपुरा तहसीलदार श्री कमलेश दुर्वे तथा एनटीपीसी लिमिटेड के अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#neemuch #नीमच