
झारखंड में मैट्रिक और इंटर परीक्षा-2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को इस बार अधिक परीक्षा शुल्क देना होगा। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने दोनों परीक्षाओं के शुल्क में 120 रुपये की बढ़ोतरी की है। खास बात यह है कि जैक ने लगातार दूसरे वर्ष परीक्षा शुल्क बढ़ाया है। पिछले दो वर्षों में परीक्षा शुल्क में करीब 40 फीसदी तक की वृद्धि हो चुकी है।
मैट्रिक और इंटर परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी। विद्यार्थी बिना विलंब शुल्क के 26 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, विलंब शुल्क के साथ 4 दिसंबर तक फॉर्म जमा किया जा सकेगा। आवेदन जैक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से होगा।
नई दरों के अनुसार, मैट्रिक के सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के नियमित विद्यार्थियों को 1,300 रुपये तथा छात्राओं और आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को 1,100 रुपये देने होंगे। वहीं, इंटर में सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों का शुल्क 1,520 रुपये और छात्राओं व आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों का शुल्क 1,220 रुपये निर्धारित किया गया है। विलंब शुल्क के साथ सभी श्रेणियों के विद्यार्थियों को 500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
लगातार दूसरे साल शुल्क बढ़ने से विद्यार्थियों और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी जैक ने विभिन्न परीक्षाओं के शुल्क में 30 से 32 फीसदी तक की बढ़ोतरी की थी। ऐसे में एक बार फिर शुल्क वृद्धि को लेकर सवाल उठ रहे हैं।