डिलीवरी के बाद प्रसूता की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लगाए लापरवाही के आरोप; बच्ची बदलने का मामला भी उठाया
#गरोठ। मंदसौर जिले के गरोठ सिविल अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान आशा पत्नी जगदीश बागरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार आशा को शुक्रवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार सुबह प्रसव के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद चिकित्सकों ने उसे झालावाड़ रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही और पैसे मांगने के आरोप लगाए। साथ ही नवजात बच्ची बदलने की आशंका भी जताई। दूसरी ओर डॉक्टर विकास कटारे ने बच्ची बदलने के आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि शनिवार को अस्पताल में केवल एक ही प्रसव हुआ था और मरीज को जरूरी उपचार दिया गया। गरोठ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव के अनुसार मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।