
V-Connect MPPKVVCL App के माध्यम से आमजन कर सकते हैं विद्युत अनियमितताओं की शिकायत
विद्युत चोरी एवं अनियमितताओं की प्रमाणित सूचना देने पर मिलेगा प्रोत्साहन
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा विद्युत चोरी एवं विद्युत के अनधिकृत अथवा अनियमित उपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इसके तहत V-Connect MPPKVVCL App के माध्यम से नागरिक विद्युत चोरी एवं अन्य अनियमितताओं की सूचना दर्ज करा सकते हैं। प्रमाणित सूचना देने वाले नागरिकों को नियमानुसार प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।
विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन यंत्री श्री सुखदेव मण्डलोई ने बताया कि विभिन्न प्रकार की अनियमितताओं के लिए अलग-अलग प्रोत्साहन राशि निर्धारित की गई है। गैर घरेलू श्रेणी में भार वृद्धि की सूचना पर 100 रुपये प्रति किलोवाट, कृषि श्रेणी में भार वृद्धि पर 100 रुपये प्रति हॉर्सपावर, स्वीकृत श्रेणी से अन्य श्रेणी में विद्युत उपयोग पर 500 रुपये प्रति सूचना, स्वीकृत परिसर के अतिरिक्त अन्य परिसर में विद्युत उपयोग पर 500 रुपये प्रति सूचना, मीटर से छेड़छाड़ अथवा बायपास पर 500 रुपये प्रति सूचना, विच्छेदित कनेक्शन से अनधिकृत उपयोग पर 500 रुपये प्रति सूचना, विद्युत चोरी, हुकिंग अथवा अवैध कनेक्शन की सूचना पर 500 रुपये प्रति सूचना तथा गलत मीटर रीडिंग की सूचना पर 100 रुपये प्रति सूचना प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है।
श्री मण्डलोई ने बताया कि प्रोत्साहन राशि केवल उन प्रकरणों में देय होगी, जिनमें आकलित राशि 10 हजार रुपये या उससे अधिक होगी। प्रोत्साहन राशि का भुगतान कंपनी के प्रचलित नियमों के अनुसार किया जाएगा।
विद्युत वितरण कंपनी ने आमजन से अपील की है कि विद्युत चोरी अथवा विद्युत के अनधिकृत उपयोग की जानकारी मिलने पर V-Connect MPPKVVCL App के माध्यम से सूचना दर्ज कराएं। आमजन की सहभागिता से विद्युत चोरी एवं वितरण हानि में कमी लाने के साथ ईमानदार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और विद्युत व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner #Jhabua #JansamparkMP