
दहेज हत्या मामले में थाना शहर पलवल पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार, भेजा जेल।
Aonenews अरविन्द बक्शी
जिला पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शहर पलवल पुलिस ने दहेज प्रताड़ना व हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
थाना शहर पलवल अंतर्गत चौकी बस अड्डा प्रभारी उप निरीक्षक हरिओम सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले में शिकायतकर्ता रोबिन सिंह निवासी श्रीराम कॉलोनी, खजूरी दिल्ली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन नीतू (सपना) की शादी वर्ष 2019 में योगेन्द्र सिंह निवासी कल्याण एन्क्लेव कॉलोनी, पलवल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पीड़िता के साथ निरंतर मारपीट की जाती थी तथा दहेज की लगातार मांग की जा रही थी। 16 जून 2026 को पीड़िता की ससुराल पक्ष द्वारा मृत्यु कर दी गई।
शिकायत के आधार पर थाना शहर पलवल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। सीन ऑफ क्राइम टीम द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया और जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। मृतका का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा कराया गया।
मामले की गहन तफ्तीश करते हुए पुलिस चौकी बस अड्डा, थाना शहर पलवल प्रभारी उप-निरीक्षक हरिओम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद मुख्य आरोपी योगेन्द्र सिंह उपरोक्त को 9 नवंबर 2026 को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा आज आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के उपरांत आज माननीय अदालत में पेश किया, जहां से अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अपराध में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।