
मंत्री पद न मिलने से भड़की कुल्लू कांग्रेस की सियासत: सीएम सुक्खू पर बढ़ा दबाव, सुंदर ठाकुर के अगले कदम पर टिकी निगाहें*
कुल्लू
हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बेहद करीबी माने जाने वाले कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर अब मंत्री पद न मिलने की कसक को लेकर खुलकर दबाव की राजनीति पर उतर आए हैं। सुक्खू सरकार के चार साल पूरे होने के करीब पहुंचने और विधानसभा चुनाव में महज एक साल का वक्त शेष रहने के कारण, सुंदर ठाकुर ने इस मुद्दे को सीधे अपने आत्मसम्मान और कुल्लू के जनमानस की मान-मर्यादा से जोड़ दिया है।
राजनीतिक गलियारों में इस बात की जोरदार चर्चा है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कई बार सार्वजनिक मंचों से सुंदर ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने के संकेत और आश्वासन दिए, लेकिन उनकी ताजपोशी की फाइल अब तक ठंडे बस्ते में ही पड़ी है। इससे नाराज कुल्लू कांग्रेस कमेटी और ठाकुर के समर्थकों ने अब आर-पार के मूड में आते हुए सामूहिक त्यागपत्र देने तक की चेतावनी दे डाली है। समर्थकों का साफ कहना है कि सरकार का कार्यकाल अब अंतिम दौर में है और यदि 11 दिसंबर तक कुल्लू को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व नहीं मिला, तो वे बड़े स्तर पर इस्तीफे देकर आगे की रणनीति तय करेंगे।
सुंदर ठाकुर की इस नाराजगी के बीच सियासी फिजा में उनके भाजपा के साथ हाथ मिलाने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुछ समय पहले सुंदर ठाकुर की दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की चर्चाएं भी सामने आई थीं। हालांकि, विधायक ने खुद इस तरह की किसी भी बैठक या पार्टी छोड़ने की खबरों का आधिकारिक तौर पर खंडन किया है, लेकिन सियासी जानकार इसे दबाव बनाने की रणनीति के साथ-साथ भविष्य के विकल्प तलाशने की कवायद के रूप में देख रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुंदर ठाकुर की इस बेचैनी के पीछे कुल्लू सदर के जमीनी चुनावी समीकरण भी एक बड़ी वजह हैं। सदर कांग्रेस के भीतर कई वरिष्ठ और कद्दावर नेता कथित तौर पर सुंदर ठाकुर की कार्यशैली और खुद को हाशिए पर धकेले जाने से बेहद खफा चल रहे हैं। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में अपनों की नाराजगी के बीच दोबारा जीत की राह आसान नहीं दिख रही है।
दूसरी ओर, कुल्लू सदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के पास भी राम सिंह के अलावा कोई दूसरा सशक्त चेहरा नहीं है, और पिछले चुनाव के बाद से राम सिंह भी संगठन में अपनी स्थिति को लेकर असहज बताए जा रहे हैं। यही वजह है कि कुल्लू की राजनीति में दोनों ही प्रमुख दलों के भीतर चल रही यह खींचतान आने वाले दिनों में किसी बड़े सियासी उलटफेर का संकेत दे रही है। फिलहाल, सबकी निगाहें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अगले कदम और 11 दिसंबर की समयसीमा पर टिकी हुई हैं।