
शासकीय महाविद्यालय जौरा में भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं बाल दिवस पर हुए विविध आयोजन
निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को महान विभूतियों के जीवन और आदर्शों से कराया परिचित
शासकीय महाविद्यालय जौरा में शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं बाल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। प्रभारी प्राचार्य श्री प्रफुल्ल चंद्र भौमिक के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनिर्माताओं के जीवन, संघर्ष और योगदान से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम में महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, अदम्य साहस तथा जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, विचारों और स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। साथ ही उनके जीवन एवं अंग्रेजी शासन के विरुद्ध किए गए संघर्ष पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया गया।
बाल दिवस के अवसर पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन एवं बच्चों के प्रति उनके स्नेह को याद किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा, रचनात्मकता, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक चेतना और महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंकिता मिश्रा एवं डॉ. नीलम राजपूत ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एच.एन. सिंह हाड़ा, डॉ. चमन प्रकाश विमल, सुश्री संध्या टैगोर, डॉ. सुधीर कुमार पाठक, श्री हेमंत पराशर, श्री ब्रजेश कुमार शक्य, श्री राजकुमार सिंह, श्री प्रशांत शर्मा, श्री मुलायम, श्री राजेंद्र प्रजापति सहित महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #Morena #MadhyaPradesh Department of School Education, Madhya Pradesh