नीतीश संवाद में कांटी विधायक अजीत कुमार ने बड़ा उद्योग लगाकर युवाओं को रोजगार देने की केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के समक्ष उठाई मांग
पांच हजार कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मंत्री
मुजफ्फरपुर। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित नीतीश संवाद कार्यक्रम में कांटी के विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने केंद्र सरकार से कांटी क्षेत्र में बड़ा उद्योग लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रोजेक्ट शुरू किया जाना चाहिए, जिससे क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को सीधे रोजगार मिल सके। उन्होंने यह बात केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के समक्ष रखी।
ई. अजीत कुमार बीबीगंज से करीब पांच हजार कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में जमकर नारे लगाए और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने संबोधन में अजीत कुमार ने कहा कि समाजीकरण के माध्यम से पार्टी को मजबूत और आगे बढ़ाने का प्रयास स्वागत योग्य है। पार्टी में ऊर्जावान और मजबूत जनाधार वाले कार्यकर्ताओं को भी उचित सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम होती है।
उन्होंने 24 नवंबर की तारीख को बिहार के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह दिन उनके लिए भी विशेष महत्व रखता है। इसी दिन उन्होंने पूर्व में मंत्री पद की शपथ ली थी।
Musahri, Muzaffarpur | Nov 24, 2026