
प्रेम प्रसंग में प्रेमी-प्रेमिका ने विषाक्त पदार्थ खाकर दी जान
धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर में प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले में एक प्रेमी युगल की विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा निवासी 26 वर्षीय आकाश साहू और 45 वर्षीय कुसुम के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों ने धौलपुर में एक कॉलेज के पीछे कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ का सेवन किया। इसके बाद दोनों धौलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर दोनों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। सूचना मिलने पर जीआरपी ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद गुरुवार को धौलपुर पहुंचे परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, कुसुम की करीब 24 वर्ष पहले धौलपुर के रजौरा खुर्द निवासी सीताराम जाटव से शादी हुई थी। कुसुम के चार बेटियां और एक बेटा है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2021 में वह पति से अलग होकर अपने मायके छिंदवाड़ा में रहने लगी थी। इसी दौरान उसकी पहचान आकाश से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
बताया गया है कि आकाश और कुसुम करीब 10 दिन पहले धौलपुर आए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों के विषाक्त पदार्थ का सेवन करने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Weir, Bharatpur | Sep 10, 2026