
अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की सघन कार्रवाई, 8 प्रकरण दर्ज, 34 हजार रुपये मूल्य की मदिरा एवं लहान जब्त
--
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री एन.पी. सिंह के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा लिधौरा नगर परिषद क्षेत्र एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर अवैध मदिरा एवं महुआ लहान जब्त कर आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत 8 प्रकरण दर्ज किए गए। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 34 हजार रुपये है।
कार्रवाई के दौरान रामदयाल आदिवासी निवासी जेवरा तिगैला के पास से 14 पाव देशी प्लेन मदिरा, अखिरवार मोहल्ला, लिधौरा में अज्ञात व्यक्ति के कब्जे से 10 लीटर हाथभट्टी मदिरा, सीताराम रैकवार निवासी सदर लिधौरा के पास से 5 लीटर हाथभट्टी मदिरा एवं 60 किलोग्राम महुआ लहान, सदर लिधौरा झाड़ियों के पास अज्ञात स्थान से 150 किलोग्राम महुआ लहान, जयरथ कुशवाहा निवासी सतगुवां से 14 पाव देशी प्लेन मदिरा, वीरेन्द्र लोधी निवासी शाहपुर से 20 पाव देशी प्लेन मदिरा, हरीराम राय निवासी ग्राम मुहारा से 6 केन बीयर, 16 पाव विदेशी मदिरा एवं 17 पाव देशी प्लेन मदिरा तथा दयाराम प्रजापति निवासी उत्तरी कारी (थाना दिगौड़ा) से 12 पाव प्लेन मदिरा जब्त की गई।
उक्त कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक श्री विजय सिंह, आबकारी मुख्य आरक्षक श्री वीरेन्द्र विश्वकर्मा, आबकारी आरक्षक श्री यशपाल भदौरिया, श्री सतीश सिंह, श्री अरविंद पटेल एवं नगर सैनिक प्रेमनारायण अहिरवार के सहयोग से संपन्न हुई।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh