
*दौसा पुलिस का 'एरिया डोमिनेशन' अभियान: तड़के 4 बजे 58 टीमों का एक साथ छापा, 45 अपराधी गिरफ्तार*
° जिले के 285 स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश; हिस्ट्रीशीटर, स्थायी वारंटी और वांछित बदमाश दबोचे गए
*कमलेश आमेटा विशेष संवाददाता*
जयपुर रेंज महानिरीक्षक पुलिस श्री राहुल प्रकाश के निर्देशानुसार एवं दौसा जिला पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष दीक्षित के पर्यवेक्षण में दौसा पुलिस द्वारा असामाजिक व आपराधिक गतिविधियों में लिप्त बदमाशों के खिलाफ एक दिवसीय सघन "एरिया डोमिनेशन" अभियान चलाया गया। शनिवार 22 अगस्त को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलाए गए इस 10 घंटे के विशेष तलाशी व छापेमारी अभियान के तहत 230 पुलिसकर्मियों की 58 अलग-अलग टीमों ने एक साथ 285 ठिकानों पर दबिश दी।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 45 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें से 28 अभियुक्त महिला अत्याचार, जघन्य व सामान्य अपराधों में वांछित, हार्डकोर, हिस्ट्रीशीटर, स्थायी वारंटी, ईनामी, आर्म्स एक्ट, अवैध शराब व एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किए गए हैं। वहीं, 17 अन्य व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत निवारक कार्रवाई के रूप में गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त अभियान के दौरान अवैध खनन का भी 01 प्रकरण दर्ज किया गया।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शंकर लाल मीणा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट श्री विनोद कुमार सीपा ने किया। जिले के समस्त वृत्ताधिकारियों, थानाधिकारियों, डीएसटी, क्यूआरटी और आरएसी के जवानों ने रणनीति बनाकर अपराधियों के ठिकानों को एक साथ घेरा और सघन तलाशी ली।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखना, आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करना और अपराधियों के महिमामंडन तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर शिकंजा कसना है। गिरफ्तार बदमाशों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उनकी आगामी आपराधिक योजनाओं को विफल कर जिले में गैंगवार और संगीन अपराधों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।