
भाजपा को जोर का झटका, 15 युवाओं ने छोड़ी पार्टी, कांग्रेस में हुए शामिल
देशआदेश
राजबन (पांवटा साहिब)। शुक्रवार को मुगलोंवाला करतारपुर पंचायत के राजबन स्थित नेहरू युवा केंद्र में आयोजित सभा में पूर्व विधायक पांवटा साहिब चौधरी किरनेश जंग एवं जिला परिषद सदस्य अरिकेश जंग ने शिरकत की। उनके पहुंचने पर स्थानीय युवाओं ने जोरदार स्वागत किया।
सभा के दौरान स्थानीय पंचायत उपप्रधान सहित करीब 15 युवाओं ने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। पूर्व विधायक चौधरी किरनेश जंग ने सभी नए कार्यकर्ताओं को कांग्रेस पार्टी का पटका पहनाकर विधिवत रूप से पार्टी में शामिल किया।
इस अवसर पर चौधरी किरनेश जंग ने कहा कि कांग्रेस में शामिल हुए सभी युवाओं को पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा और उन्हें किसी भी प्रकार की कमी महसूस नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ लगातार लोगों का काफिला जुड़ता जा रहा है, क्योंकि कांग्रेस झूठे वादों और झूठ की राजनीति में विश्वास नहीं करती तथा सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की बुनियाद झूठ पर टिकी हुई है। पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की जनता को अपना परिवार बताते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में वह हमेशा उनके साथ खड़े हैं।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में पंचायत उपप्रधान अमनदीप सिंह, जग्गी राम, मनीष, नैतिक, विक्रम, रोशन, हर्ष, चिराग, सतीश, प्रमोद, जयप्रकाश, अरुण, राजकुमार, गोल्डी ढिल्लों और अनुराग सहित अन्य युवा शामिल रहे।
इस मौके पर पूर्व प्रधान मनोज कुमार, गुमान सिंह, दिनेश सिंह, श्याम लाल, रूप चंद, प्रदीप कुमार, शाहरुख, अशोक ठाकुर सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।