
विकास अधिकारी ने किया महिला सरपंच का स्वागत, निडरता एवं निष्पक्षता से राजकीय कार्यों को निर्वाह करने की दी सलाह।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाईमाधोपुर। ग्राम पंचायत मित्रपुरा की नवनिर्वाचित सरपंच गुड्डी देवी महावर ने विकास अधिकारी योगेश कुमार मीना से मुलाकात की। इस दौरान विकास अधिकारी ने सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण करने पर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वहीं इस अवसर पर पुखराज महावर ने विकास अधिकारी योगेश कुमार मीना का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया। मुलाकात के दौरान विकास अधिकारी ने नवनिर्वाचित सरपंच को उनके पद की जिम्मेदारियों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए सरपंच को अपने दायित्वों के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए। साथ ही बिना किसी दबाव के निडरता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ राजकीय कार्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने पंचायत क्षेत्र में सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए भी प्रेरित किया।
इस दौरान सरपंच गुड्डी देवी महावर ने पंचायत क्षेत्र के विकास एवं आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प जताया। इस दौरान ऋषिकेश मीना मानपुर, हरकेश मीना नानतोड़ी सहित कई लोग मौजूद रहे।