
*वारंटी ऋणियों पर प्रशासन का शिकंजा, दो डिफॉल्टर गिरफ्तार*
पूर्णिया। नीलाम पत्र वादों में जारी गिरफ्तारी वारंटों पर जिला प्रशासन की सख्ती के बीच बैंक के बकायेदार ऋणियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में बिहार ग्रामीण बैंक की अनगढ़ हाट शाखा के वारंटी ऋणी मानिरुद्दीन, पिता–शेख सुलेमान को अनगढ़ हाट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। वहीं, परोरा शाखा के वारंटी ऋणी डालिम सरकार, पिता– शंभू सरकार को के. नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर नीलाम पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया।
न्यायालय में पेशी के दौरान बकाया राशि जमा किए जाने के बाद दोनों ऋणियों को गिरफ्तारी से राहत प्रदान की गई।
जिला प्रशासन द्वारा नीलाम पत्र वादों में जारी गिरफ्तारी वारंटों के निष्पादन को लेकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वारंटी ऋणियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनके ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री प्रभात रंजन ने बताया कि बैंक द्वारा पूरे जिले में लगभग 4,500 नीलाम पत्र वाद दायर किए गए हैं। इनमें कई मामलों में नीलाम पत्र न्यायालयों द्वारा गिरफ्तारी वारंट निर्गत किए जा चुके हैं तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों में वारंटों के निष्पादन की कार्रवाई शुरू हो गई है।
बैंक के डीओसीसी प्रभारी कुणाल कुमार ने बताया कि वारंट निर्गत होने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले ऋणियों के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि वारंटी ऋणियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।