श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, उमड़ा जनसैलाब
छतरपुर। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार को शहर में भव्य धार्मिक आयोजन हुआ। मेला ग्राउंड में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें यादव महासभा के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान विधायक ललिता यादव ने कलाकारों के साथ नृत्य कर जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा मेला ग्राउंड से छत्रसाल चौक, महल रोड और चौक बाजार होते हुए बस स्टैंड पहुंची। रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा और जलपान कराकर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। छत्रसाल चौराहे पर बुल्डोजर से फूलों की वर्षा की गई।
बस स्टैंड पर मटकी फोड़ कार्यक्रम हुआ। कलाकार जित्तू खरे एवं टीम ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण, भोलेनाथ सहित विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
विधायक ललिता यादव ने बताया कि यह आयोजन करीब 35 वर्षों से श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।