सागर जहरीली शराब कांड में बड़ा एक्शन, 20 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
सागर। जहरीली शराब कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी रवि लखेरा को बरायठा थाना क्षेत्र के हनुमान टोंग से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने पैर में गोली मारी। घटना में आरोपी घायल हो गया। उसे तत्काल बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार रवि लखेरा अंतरराज्यीय शराब तस्करी से जुड़ा आरोपी है। इसी तस्करी नेटवर्क के जरिए सागर जहरीली शराब कांड का कनेक्शन ललितपुर से जुड़ने की बात सामने आई थी। आरोपी पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। फिलहाल पुलिस की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर शराब तस्करी नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
#