
पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के हितग्राहियों को दी गई वित्तीय साक्षरता की जानकारी
महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला मंडला एवं अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला मंडला के संयुक्त समन्वय से पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के हितग्राहियों एवं उनके संरक्षकों के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुआ, जिसमें हितग्राहियों को सुरक्षित एवं प्रभावी वित्तीय प्रबंधन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान बैंक विशेषज्ञों द्वारा हितग्राहियों एवं उनके अभिभावकों को बैंक खातों में संधारित राशि के सुरक्षित उपयोग तथा विभिन्न बचत योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। उन्हें फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी), रिकरिंग डिपॉजिट (आरडी), प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, किसान विकास पत्र सहित अन्य निवेश एवं बचत योजनाओं की विशेषताओं और लाभों की जानकारी दी गई।
वित्तीय साक्षरता सत्र में साइबर सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। हितग्राहियों को बताया गया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी फर्जी कॉल, संदेश एवं ऑनलाइन माध्यमों से बैंक खातों से धनराशि चोरी करने के प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों से बचाव के लिए उन्हें किसी भी अज्ञात व्यक्ति को ओटीपी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी अथवा अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर सेल एवं पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि जिले में वर्तमान में पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के कुल 9 हितग्राही लाभान्वित हुए हैं। यह योजना कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता अथवा वैधानिक अभिभावकों को खो चुके बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
योजना के अंतर्गत पात्र बच्चों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क स्वास्थ्य उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है। इसके अलावा उनकी शिक्षा एवं समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए मिशन वात्सल्य सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाता है। योजना के विशेष प्रावधानों के अनुसार हितग्राहियों को 23 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपने भविष्य को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बना सकें। कार्यक्रम में अधिकारियों ने हितग्राहियों एवं उनके संरक्षकों से वित्तीय अनुशासन अपनाने, बचत की आदत विकसित करने तथा साइबर सुरक्षा के प्रति सदैव सतर्क रहने का आह्वान किया।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh