पेयजल स्त्रोतों के क्लोरीनीकरण एवं नल-जल योजनाओं के नियमित निरीक्षण के निर्देश जारी
जिले में सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड मंडला द्वारा समस्त पेयजल स्त्रोतों, नल-जल योजनाओं एवं जल प्रदाय व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है। विभाग ने जलजनित रोगों की रोकथाम तथा पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड मंडला ने बताया कि वर्तमान मौसम एवं जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हैंडपंपों, नलकूपों, ओवरहेड टंकियों सहित विभिन्न पेयजल स्त्रोतों का नियमित क्लोरीनीकरण कराया जा रहा है। क्लोरीनीकरण से पानी में मौजूद हानिकारक जीवाणु एवं रोगाणु नष्ट होते हैं, जिससे पेयजल सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त बना रहता है।
विभाग ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया है कि वे अपने क्षेत्र में संचालित नल-जल योजनाओं का नियमित निरीक्षण करें तथा पाइपलाइन, वाल्व, कुएं, हैंडपंप और जल वितरण प्रणाली की सतत निगरानी सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान पाइपलाइन में रिसाव, टूट-फूट अथवा अन्य तकनीकी खामियाँ पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि पाइपलाइन में लीकेज होने से बाहरी दूषित जल के मिश्रण की संभावना बढ़ जाती है, जिससे पेयजल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसके अलावा जल स्त्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, जलभराव एवं गंदगी को रोकने तथा पेयजल स्त्रोतों को प्रदूषण से सुरक्षित रखने पर विशेष जोर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे केवल स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करें। पेयजल को हमेशा स्वच्छ एवं ढंक्कर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर पानी को उबालकर अथवा अन्य सुरक्षित विधियों से शुद्ध कर उपयोग में लाने की सलाह दी गई है।
विभाग ने आमजन से अनुरोध किया है कि यदि किसी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति में बाधा, पाइपलाइन रिसाव, दूषित जल की आपूर्ति अथवा अन्य कोई समस्या दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल ग्राम पंचायत या लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के स्थानीय कार्यालय को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड मंडला ने जिलेवासियों से जल स्त्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए विभागीय प्रयासों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया है। विभाग का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त पेयजल पहुंचाना तथा जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department of Public Health Engineering, Madhya Pradesh