पौड़ी आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल।
सिद्धबली न्यूज डेस्क
पौड़ी। आबकारी विभाग के 6-8 कर्मचारी एक व्यक्ति के घर में जबरन घुस गए, और उन्होंने घर का पूरा सामान बिखेर दिया। कुछ नहीं मिलने पर घर को अस्त व्यस्त हालत में छोड़ दिया। पीड़ित ने जिलाधिकारी से शिकायत कर आबकारी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया को सौंपी शिकायत में विकासखंड कल्जीखाल के दिवई गांव निवासी गौरव पटवाल ने बताया कि वे तीन- चार साल से देहरादून में अपना काम करते हैं। गांव में बुजुर्ग माता सुमन देवी व पिता सुनील पटवाल के साथ चचेरी बहन रहती है। बृहस्पतिवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे टीम गांव पहुंची। उसमें एक महिला समेत 6 से 8 लोग आबकारी का नाम लेकर उनके घर में घुसे और जांच के दौरान सामान फैला दिया।
वहीं, जिला आबकारी अधिकारी तपन ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर टीम गांव गई थी। घर से कोई शराब बरामद नहीं हुई और उन्हें नो रिकवरी मेमो बनाकर दे दिया है।