
ससुराल से अकेले लौटा युवक, सुबह कुएं में मिला शव; गांव में मचा हड़कंप
पत्नी को लेने ससुराल गया था 25 वर्षीय युवक, शाम को अकेले लौटा घर; सुबह बिस्तर से गायब मिला तो तलाश में जुटे परिजन, घर के पास कुएं में मिला शव।
अमेठी। शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के महिया सिंदुरिया स्थित माठा गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 25 वर्षीय सोनू गोसाईं का शव घर के पास स्थित कुएं में मिला। युवक का शव मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, परिजनों के मुताबिक सोनू अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था। हालांकि, वह शाम को अकेले ही घर लौट आया। सुबह जब परिजन जागे तो युवक अपने बिस्तर पर नहीं मिला। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान कुएं के पास उसकी चप्पल दिखाई दी। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने कांटा डालकर कुएं में तलाश की। काफी प्रयास के बाद युवक का शव कुएं से बरामद हुआ।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Amethi, Amethi | Nov 27, 2026