
बाल वैज्ञानिक स्थानीय समस्याओं पर प्रस्तुत करेंगे शोध एवं नवाचार आधारित परियोजनाएं
भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, नई दिल्ली के अधीन राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद द्वारा वर्ष 1993 से प्रतिवर्ष राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया जा रहा है। वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन “सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार” विषय पर किया जा रहा है। इसके माध्यम से बाल वैज्ञानिकों को अपने आसपास की स्थानीय समस्याओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने तथा उनके व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
सहायक संचालक, शिक्षा श्रीमती वर्षा कोली ने बताया कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों को स्थानीय समस्याओं पर आधारित शोध एवं परियोजनाएं तैयार कर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती है। इसमें 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी जूनियर वर्ग तथा 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी सीनियर वर्ग में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि मुरैना जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर पर अध्ययनरत विद्यार्थी अपनी परियोजनाएं तैयार कर राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में सहभागिता कर सकते हैं। इच्छुक बाल वैज्ञानिकों का ऑनलाइन पंजीयन 30 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे तक किया जा सकेगा। पंजीयन एवं परियोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी निर्धारित वेबसाइट पर उपलब्ध है।
जिला समन्वयक डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों में अपने आसपास के परिवेश को वैज्ञानिक एवं आलोचनात्मक दृष्टिकोण से देखने की क्षमता विकसित करना है। इसके अंतर्गत विद्यार्थी अपने क्षेत्र एवं समाज से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं की पहचान करेंगे, उनके मूल कारणों का अध्ययन करेंगे तथा वैज्ञानिक अन्वेषण के माध्यम से उनके व्यावहारिक एवं साक्ष्य आधारित समाधान खोजने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थी अवलोकन, आंकड़ा संग्रहण, प्रयोग, क्षेत्रीय अध्ययन, विश्लेषण, मॉडल निर्माण एवं नवाचार जैसी गतिविधियों के माध्यम से वास्तविक जीवन से जुड़ी चुनौतियों का अध्ययन करेंगे। इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा, तर्कशीलता एवं अनुसंधान की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, वे अपने निष्कर्षों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के कौशल का विकास कर सकेंगे।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में परियोजनाओं की प्रस्तुति के दौरान विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा एवं क्षेत्रीय भाषाओं के उपयोग का अवसर भी मिलेगा। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को विज्ञान एवं नवाचार के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान खोजने तथा समाज के विकास में रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने वाला महत्वपूर्ण मंच है।
कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला समन्वयक डॉ. राकेश कुमार शर्मा के मोबाइल नंबर 9425129238 पर संपर्क किया जा सकता है।
#JansamparkMP #Morena #morena2026