
‘चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का शुभारंभ, 38 जिलों के लिए जागरूकता रथ रवाना
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज ऊर्जा ऑडिटोरियम, राजवंशी नगर, पटना में ‘जाँच एवं उपचार–चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के सभी 38 जिलों के लिए जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह विशेष अभियान 02 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अभियान के तहत बिहार के 6 करोड़ नागरिकों की हेल्थ स्क्रीनिंग की जाएगी तथा प्रत्येक नागरिक का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के जिला अस्पतालों में अब 45 प्रकार की सर्जरी शुरू हो चुकी हैं। अस्पतालों से मरीजों के रेफरल में कमी आई है और सर्जरी की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य संस्थानों को और बेहतर बनाने के लिए ‘मिशन कायाकल्प’ भी शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम में सीतामढ़ी सदर अस्पताल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की और अभियान की शुरुआत के साक्षी बने। मौके पर विधान पार्षद श्रीमती रेखा कुमारी, माननीया विधायक श्रीमती गायत्री देवी,उप विकास आयुक्त श्वेता भारती के साथ अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं और आवश्यक चिकित्सा सेवाओं को लोगों के और करीब पहुंचाना है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर जांच, उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर कहा गया कि ‘चिकित्सा आपके द्वार’ जैसे अभियान स्वस्थ बिहार के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ उन्हें आम लोगों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
‘स्वस्थ बिहार, सशक्त बिहार’ के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Health Department