
इलाज में लापरवाही से 25 वर्षीय विमलेश की मौत, परिजनों ने उठाए सवाल
देवसर बाजार के आस्था क्लिनिक में हुए शुरुआती उपचार की निष्पक्ष जांच की मांग, बैढ़न के सिंगरौली हॉस्पिटल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
चिकित्सकीय योग्यता, क्लिनिक संचालन की अनुमति और उपचार के दस्तावेजों की जांच की उठी मांग, स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल
सिंगरौली/देवसर जिले के देवसर क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक की मौत के बाद शुरुआती उपचार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि करीब एक माह पहले तबीयत खराब होने पर युवक का स्थानीय स्तर पर एक आस्था क्लिनिक में कराया कराया गया उपचार उचित नहीं था, जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ती चली गई। हालांकि, उपचार में लापरवाही की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी, लेकिन युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवसर क्षेत्र निवासी विमलेश कुमार शुक्ला (25 वर्ष), पिता स्वर्गीय जयप्रकाश शुक्ला की करीब एक माह पहले तबीयत खराब हुई थी। परिजनों के मुताबिक, शुरुआत में उन्होंने देवसर बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में कई दिनों तक उपचार कराया। आरोप है कि उपचार के बावजूद विमलेश की सेहत में सुधार नहीं हुआ, बल्कि उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। इसके बाद उन्हें दूसरे अस्पताल में उपचार कराने की सलाह दी गई।
परिजन गंभीर हालत में विमलेश को लेकर बैढ़न पहुंचे। वहां से बेहतर उपचार की उम्मीद में रीवा और सतना स्थित बिरला अस्पताल तक ले जाया गया। अलग-अलग अस्पतालों में उपचार और तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। अंततः शुक्रवार को बैढ़न स्थित सिंगरौली हॉस्पिटल में उपचार के दौरान विमलेश ने दम तोड़ दिया। महज 25 वर्ष की उम्र में परिवार के युवा सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
शुरुआती उपचार की निष्पक्ष जांच की मांग
युवक की मौत के बाद परिजनों ने देवसर में हुए शुरुआती उपचार की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि उपचार के दौरान कौन-कौन सी दवाइयां दी गईं, उपचार करने वाले व्यक्ति की चिकित्सकीय योग्यता क्या थी और क्या इलाज निर्धारित चिकित्सा मानकों के अनुरूप किया गया था। परिजनों ने मामले में जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
झोलाछाप इलाज पर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर सवाल
इस घटना ने क्षेत्र में संचालित निजी चिकित्सा संस्थानों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि कहीं बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता और वैधानिक अनुमति के मरीजों का उपचार किया जा रहा है, तो यह आम लोगों की जिंदगी के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। सवाल यह है कि स्वास्थ्य विभाग निजी क्लीनिकों के पंजीयन, चिकित्सकों की योग्यता और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित जांच किस स्तर पर कर रहा है? क्या इस मामले में भी जिम्मेदार विभागीय अधिकारी जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाएंगे?
बड़े भाई विवेक ने भावुक संदेश में दी मौत की सूचना
विमलेश के बड़े भाई विवेक शुक्ला ने रोते-बिलखते हुए भावुक संदेश के माध्यम से इस दुखद घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने मुश्किल वक्त में परिवार का साथ देने वाले बिजौरा क्षेत्र के समाजसेवियों और अन्य सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही मामले में कथित लापरवाही की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में किसी दूसरे परिवार को ऐसी असहनीय पीड़ा से न गुजरना पड़े।