
शॉर्ट सर्किट से ई-रिक्शा एजेंसी में भीषण आग, लाखों का सामान राख
दस हजार रुपये नकद समेत मोटर, कंट्रोलर, कन्वर्टर, बैटरी व अन्य पार्ट्स जले
परशदेपुर रायबरेली
परशदेपुर चौकी क्षेत्र के मटियारा चौराहे पर मंगलवार देर रात शॉर्ट सर्किट से चंदन ऑटो सेल्स एंड ई-रिक्शा एजेंसी में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग के बीच कमरे के अंदर से हो रहे तेज धमाकों की आवाज से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हादसे में लाखों रुपये का सामान और दस हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई।दोस्तपुर बुढ़बारा निवासी सुशील सिंह की मटियारा चौराहे पर चंदन ऑटो सेल्स एंड ई-रिक्शा की एजेंसी है। मंगलवार को वह रोज की तरह एजेंसी बंद कर घर चले गए। देर रात करीब 11 बजे आसपास के लोगों ने एजेंसी में आग लगी देखी और इसकी सूचना संचालक व पुलिस को दी।सूचना मिलते ही संचालक मौके पर पहुंचे, लेकिन अंदर से लगातार हो रहे तेज धमाकों के कारण वह अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज मोहित कुमार भारद्वाज और कांस्टेबल सर्वेश यादव ने तत्परता दिखाते हुए शटर का ताला खुलवाया। पुलिसकर्मियों ने जल रहे एक ई-रिक्शे को बाहर निकाला और पानी व बालू की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया।हालांकि आग इतनी विकराल हो चुकी थी कि अंदर जाना जोखिम भरा हो गया। इसके बाद दमकल कर्मियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक एजेंसी में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।आग में ई-रिक्शा के मोटर, कंट्रोलर, कन्वर्टर, बेयरिंग, हॉर्न, बैटरी, ड्रम, स्टेपनी समेत अन्य पार्ट्स जल गए। इसके अलावा एजेंसी में रखी करीब दस हजार रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। संचालक के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।