*रायबरेली: शिव महापुराण कथा में उमड़ा भक्तों का सैलाब, केशव मौर्य ने सपा पर साधा निशाना*
बोले डिप्टी सीएम—भाजपा सरकार में धार्मिक आयोजनों में कोई व्यवधान नहीं, सनातन संस्कृति की पताका पूरे देश में लहरा रही
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को रायबरेली पहुंचे, जहां उन्होंने शिव महापुराण कथा में उमड़े श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में भक्तों का सैलाब देखकर उनका हृदय गदगद हो गया।
शिव महापुराण कथा के आयोजन का जिक्र करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा की कथाओं का क्रम आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 13 से 17 अक्टूबर तक बड़वानी में पांच दिवसीय शिव महापुराण कथा तथा 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक उन्नाव में शिव महापुराण कथा का आयोजन प्रस्तावित है।
केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में शिवभक्त कांवड़ियों पर लाठियां चलाई जाती थीं और उन्हें जेल भेजा जाता था। उन्होंने रामभक्तों पर गोली चलाए जाने का भी जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में धार्मिक आयोजनों के लिए अनुकूल वातावरण है।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा हो, गणेशोत्सव, रामलीला, शिव महापुराण, राम कथा या श्रीकृष्ण कथा—भाजपा सरकार में ऐसे आयोजनों में कोई व्यवधान नहीं है। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की मजबूती बताया।
‘रामलला की तरह काशी-मथुरा में भी मंदिर बनने का विश्वास’
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्वयंसेवक होने के नाते श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को करीब से देखने का अवसर मिला। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के बाद काशी और मथुरा में भी न्याय की लड़ाई लड़ी जा रही है और उन्हें विश्वास है कि रामलला की तरह भगवान भोलेनाथ का मंदिर काशी में तथा कन्हैया जी का मंदिर मथुरा में भी बनेगा।
उन्होंने कहा कि सनातन की पताका और भारतीय संस्कृति की ध्वजा इसी तरह आगे बढ़ती रहेगी और आकाश की ऊंचाइयों को छुएगी।
पत्रकार के सवाल पर सपा को लेकर तीखा जवाब
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने जब केशव प्रसाद मौर्य से उनके उस बयान को लेकर सवाल किया कि सपा कार्यकाल में भक्तों पर लाठियां चलाई जाती थीं, तो उन्होंने संक्षिप्त लेकिन तीखा जवाब दिया।
डिप्टी सीएम ने कहा— “इसीलिए तो सपा सफा हो गई। इसीलिए तो भाजपा सत्ता में है, इसीलिए सपा भविष्य में आने वाली नहीं है और भाजपा जाने वाली नहीं है।